रामपुर। बच्चों के नियमित टीकाकरण में पीसीवी(न्यूमोकोकल कंजुकेट वैक्सीन) की किल्लत की अब दूर हो जाएगी। शासन स्तर से जनपद को वैक्सीन की 30 हजार डोज मिल चुकी हैं। वैक्सीन को टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचाया जा रहा है। जनपद में 35 हजार बच्चों को पीसीवी का टीका लगाया जाना है।
शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को विभिन्न बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण केंद्रों पर बच्चों को टीका लगाया जाता है। इसके लिए दो बार विशेष अभियान चलाकर बच्चों को प्रतिरक्षित किया जा चुका है। मगर निमोनिया से बचाव के लिए लगाई जाने वाली पीसीवी का स्वास्थ्य विभाग के पास अकाल था। आखिरी बार जनवरी में पीसीवी का टीका लगा था।इसके बाद से वैक्सीन नहीं मिली। शासन स्तर से प्रदेश के अंदर वैक्सीन को लेकर संकट बना रहा। टीकाकरण केंद्रों पर बच्चों को खसरा, रूबेला, काली खांसी, टीबी, पोलियो का टीका तो उपलब्ध रहा मगर पीसीवी का टीका नहीं लग पाया। इस प्रकार 35 हजार बच्चे पीसीवी कमी से पूर्ण रूप से प्रतिरक्षित नहीं हो पाए। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि पीसीवी की 30 हजार डोज मिली हैं। नियमित टीकाकरण में सारे टीके उपलब्ध हो चुके हैं। अब बाधा उत्पन्न नहीं होगी।