रामपुर। सऊदी अरब में हुए हादसे में रामपुर के एक युवक की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक शहर के गंज क्षेत्र के मोहल्ला घेरबाज खां निवासी इमरान पिछले दो साल से सऊदी अरब के रियाद शहर में रह रहा था। वह वहां एक कंपनी में काम करता था।
रविवार की सुबह कंपनी की वैन कर्मचारियों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में सड़क दुर्घटना हो गई जिसमें वैन में सवार सभी लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए। इस हादसे में इमरान को गंभीर अवस्था में वहां उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया परंतु कुछ ही देर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहां पर शव को कब्जे में ले लिया गया है। रविवार को हादसे में इमरान की मौत की खबर जैसे ही रामपुर पहुंची तो उसके घर पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। परिवार के लोग उसको शव को लाने के प्रयास में वहां संपर्क में लगे हुए हैं। इमरान अपने पीछे पत्नी व बेटे को छोड़ गया है। परिवार के लोगों का रोकर बुरा हाल है।
वहीं दूसरी ओर रामपुर के एक अन्य युवक की सऊदी अरब पुलिस की कस्टडी में ह्रदयगति रूकने से मौत हो गई थी। परिजनों का कहना है कि उसका वीजा खत्म हो गया था,जिसके बाद पुलिस ने उसे कस्टडी में ले लिया था,जिसके बाद उसे दिल का दौरा पड़ गया और उसकी मौत हो गई थी। परिजनों की कोशिश से रविवार को उसका शव रामपुर पहुंचा, जिसे सुपुर्दे खाक कर दिया गया।