रामपुर। बहन की शादी के मौके पर बरातियों के स्वागत के लिए सामान लेने के लिए दुकान पर जा रहे युवक की रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। यह हादसा शहर के पनवड़िया मोहल्ले में रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ।
पनवड़िया के रहने वाले रामपाल की बेटी की बरात शुक्रवार रात को आई थी। बरात की आवभगत का इंतजाम भमरौआ रोड पर एक बैंक्वेट हॉल में किया गया था। यहां पर कुछ सामान कम पड़ गया था। रात करीब 11 बजे सामान लेने के लिए रामपाल का बड़ा बेटा ओमपाल(36) पैदल एक दुकान पर जाने को निकल गया। पास में रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रैक पार करते समय अचानक से आई ट्रेन ने उसको चपेट में ले लिया और उसकी मौके पर ही ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान होने के बाद परिजनों को बुलाया और फिर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में शादी समारोह की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों को छोड़ गया है ।