शाहबाद। तहसील क्षेत्र के किरा गांव में जुल्फिकार(30) की बुखार से मौत हो गई। वह कई दिनों से बीमार था। निजी डॉक्टरों से दवा लेने पर भी कोई आराम नहीं मिला तो परिजनों ने उसको मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
परिजनों के मुताबिक सप्ताह भर पहले जुल्फिकार को बुखार आया था। इसके बाद गांव में ही डॉक्टर से दवा ली। कोई फायदा नहीं हुआ तो अन्य जगह पर दिखाया गया। इसके बावजूद उनकी सेहत में कोई सुधार नहीं आया। कुछ दिन पहले परिजन उनको लेकर मुरादाबाद के एक अस्पताल में पहुंच गए। यहां पर जांच रिपोर्ट में उनकी प्लेटलेट्स काफी कम आई थीं। बुधवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इधर, गांव में चर्चा है कि युवक की डेंगू से जान चली गई जबकि जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। चिकित्साधीक्षक दीपेंद्र यादव ने बताया कि युवक की मौत का कारण स्पष्ट रूप से पता नहीं है।