प्रेमिका से मिलने गए युवक की बृहस्पतिवार की रात करेंट लगने से मौत हो गई। युवक की मां ने प्रेमिका के घर वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने हादसे में रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के ग्राम बेरखेड़ा निवासी राजन उर्फ गोविंद (22) पुत्र स्वर्गीय छोटे लाल बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद अपनी मां राधिका से नित्यक्रिया की बात कहकर घर से चला गया। रात करीब 11 बजे ग्राम पहाड़पुर निवासी रिश्तेदार अशोक ने फोन करके मां राधिका को बताया कि राजन को सूरी फार्म पर रहने वाले एक ग्रामीण के घर के सामने करेंट लग गया है। हालत खराब होने पर पर लोगों ने उसे रेत में दबा दिया है।
जानकारी मिलने पर परिजन उसी वक्त मौके पर पहुंच गए और राजन को रेत के ढेर से बाहर निकाल कर नगर के चिकित्सक के पास ले गए, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी रमेश कुमार सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस ने अशोक की तरफ से हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
मां राधिका का कहना है कि जिस ग्रामीण के घर के सामने बेटे को करेंट लगा है, उसी की बेटी से रिश्ते की बात चल रही थी। शादी में कुछ अड़चन आ रही थीं। आरोप है कि वह गरीब है और लड़की पक्ष पैसेवाला है। लिहाजा, उसके पुत्र को बहाने से बुलाकर गला घोंटकर मार डाला और करेंट लगने की बात कहकर रेत में दबा दिया था। आरोप है कि जब वह रात में मौके पर गई तो न तो वहां पर कोई बिजली का तार था और न ही ग्रामीण खुद मौजूद था।
सीओ नितिन कुमार सिंह ने भी घटनास्थल आदि का निरीक्षण किया। इधर, कोतवाली प्रभारी ने बताया राजन बारिश के समय ग्रामीण के घर गया था, जहां एक दीवार में करेंट आने की वजह से वह हादसे का शिकार हो गया। कहा कि मामला हत्या का नहीं, बल्कि बिजली के करेंट से मौत का है। फिर भी कोई हत्या की रिपोर्ट लिखाता है तो वह संबंधित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करेंगे।