मसवासी। घर में स्मेक पी रहे युवक पर पिता की नजर पड़ी तो नशेड़ी स्थानीय नगर पंचायत की अस्थाई गौशाला में घुस गया। देर रात युवक को गौशाला में देख लोगों ने चोर समझकर उसकी जमकर धुनाई कर दी। उसे रात भर बंधक बनाए रखा और सोमवार सुबह युवक को चौकी पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस मामले में किसी ने भी पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
रविवार की मध्यरात्रि के बाद एक युवक अचानक नगर पंचायत की साप्ताहिक बाजार में बनी अस्थाई गौशाला में घुस गया चौकीदार दारा सिंह का परिवार परिवार गहरी नींद में सोया हुआ था गायों के बीच आहट पाकर दारा सिंह की आंख खुल गई और उसने देखा कि पड़ोस का ही एक युवक पशुओं के बीच खड़ा है। उसने चुपके से परिवार के लोगों को जगा कर युवक को दबोच लिया और रात भर बंधक बनाए रखा। इस दौरान उसकी जमकर पिटाई भी हुई।
सोमवार की सुबह लगभग दस बजे पुलिस को सूचना दी गई और उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। चौकी इंचार्ज अजय शर्मा ने बताया कि युवक संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया है। युवक को कोतवाली भेज दिया गया है। समाचार भेजे जाने इस संबंध में पुलिस को किसी तरह की कोई तहरीर नहीं मिली है।