रामपुर। लोकसभा उप चुनाव में भाजपा की जीत पर मिठाई बांट रहे एक युवक की पड़ोस के तीन भाइयों ने पिटाई कर दी। मामले की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच पड़ताल की। बाद में पुलिस ने घायल की तहरीर पर थाने में तीनों भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
रविवार को लोकसभा उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी के जीत पर लोगों ने मिठाइयां बांट खुशी मनाई थी। देर शाम को कोतवाली क्षेत्र के मदरसा कोहना निवासी अब्दुल समद भी अपनी दुकान पर भाजपा की जीत पर मिठाई बांट रहे थे। आरोप है कि उनके बगल में मौजूद दुकानदार ईशान ने उनका विरोध किया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद होने पर ईशान के भाई फाजिल और ताबिश भी वहां पहुंच गए। इसके बाद तीनों भाईयों ने मिलकर जीत का जश्न बनाने वाले अब्दुल समद की लाठी-डंडे से पिटाई किए। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के आने पर तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस घटनाक्रम की जांच करने के बाद अब्दुल समद द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर ईशान, फाजिल और ताबिश के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज की। कोतवाली प्रभारी गजेंद्र पाल त्यागी ने बताया कि भाजपा की जीत की खुशी में मिठाई बांट रहे युवक की तीन भाइयों ने पिटाई कर दी है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तीनों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।