रामपुर। निजी अस्पताल में प्रसव के अगले दिन जच्चा की मौत पर परिजनों का गुस्सा भड़क गया। परिजनों ने निजी अस्पताल पर हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया।
शाहबाद क्षेत्र के रसूलरपुर गांव निवासी सतेंद्र चौधरी ने प्रसव पीड़ा होने पर बुधवार को अपनी पत्नी डौली (26) को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर बुधवार को प्रसव के बाद डौली ने कन्या को जन्म दिया। इसके बाद डौली की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों का कहना है कि हालत बिगड़ने पर जब डौली बेसुध हो गई तो अस्पताल संचालक ने उसे रेफर कर दिया। जिस पर वो डौली को शहर के दूसरे निजी अस्पताल में ले गए। जहां पर चिकित्सक ने एंबुलेंस में ही डौली की जांच की और मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन डौली का शव लेकर पुन: उसी निजी अस्पताल आ गए जहां पर प्रसव हुआ था। यहां पर परिजनों ने उपचार में लापरवाही बरतने और डौली की मौत होने के बाद उसे रेफर करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ सिटी विद्याकिशोर शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ विद्याकिशोर शर्मा ने बताया कि शव पीएम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।