ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलकर बाइक सवार महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण कुछ लोगों ने इसे सांप्रदायिक रूप देने की कोशिश की। लेकिन सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। ट्रैक्टर चालक, उसके पिता व चाचा को पकड़ लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।
शुक्रवार की दोपहर साढ़े बारह बजे गांव कुंडेसरा निवासी संतोष (40) पत्नी इंद्रपाल सिंह अपने बेटे हितेश के साथ बाइक से अपनी बहन के जेठ की तेरहवीं में गांव करखेड़ी जा रही थी। गांव खेड़ा की पुलिया के पास खंभे गाड़ने वाली मशीन लदी ट्रैक्टर-ट्राली को ओवरटेक करने में बाइक असंतुलित होकर गिर गई और संतोष ट्रैक्टर-ट्राली के पहिये के नीचे आकर बुरी तरह से कुचल गई। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होने पर आसपास के खेतों पर काम कर रहे लोग तुरंत दौड़ पड़े। लोगों को आता देखकर ट्रैक्टर चालक तामिर, उसका पिता तालिब और चाचा जराफत वहां से भागने लगे। लेकिन लोगों ने तीनों को दौड़ाकर पकड़ लिया और कमरे में बंद कर दिया। इसी बीच जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मामला दो संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने ट्रैक्टर-ट्राली को फूंकने की भी कोशिश की। लेकिन तब तक पुलिस पहुंच गई।
थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह धामा ने मामले को सांप्रदायिक होता देख आसपास के थानों से भी फोर्स मंगवा लिया। सीओ राधेश्याम, स्वार इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह, दढ़ियाल चौकी इंचार्ज मुमताज खान भी घटनास्थल पहुंच गए। बाद में उन्होंने परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक तामिर निवासी चक खरदिया समेत तीनों को पकड़ कर थाने ले आई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताते हैं कि संतोष का पति इंद्रपाल मजदूरी करता है तथा महिला के चार बच्चे हैं। जिसमे एक लड़की की शादी हुई है तथा एक बेटा रुद्रपुर में मजदूरी करता है। महिला के साथ करखेड़ी जा रहा हितेश छोटा बेटा था।