मिलक (रामपुर)। मिलक-पटवाई मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास बृहस्पतिवार दोपहर ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार ने बाइक छोड़कर भागते हुए अपनी जान बचाई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के नथपुरा गांव निवासी गीता (35) अपने परिजनों के साथ मिलक के क्रमचा गांव में चाचा नेमचंद के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रही थीं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपने भाई युधिष्ठिर, पिता परमानंद श्रीवास्तव, मां प्रेमवती, ताई भाग्यश्री, बेटे अनमोल और नानी विषंका देवी के साथ मिलक-पटवाई मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास मोड़ पर ऑटो का इंतजार कर रही थीं।
इसी दौरान पास की एक दुकान पर ट्रक से सामान उतारा जा रहा था। सामान उतरने के बाद चालक ने अचानक ट्रक तेज गति से आगे बढ़ा दिया। इसकी चपेट में गीता और एक बाइक सवार आ गए। बाइक सवार ने फुर्ती दिखाते हुए बाइक छोड़कर भागकर अपनी जान बचा ली, लेकिन गीता ट्रक की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई। हादसे में गीता की मौत हो गई। गनीमत रही कि उनके साथ खड़े अन्य परिजन बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोगों की भीड़ जुटने से मार्ग पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस गीता को मिलक के सरकारी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका अपने पीछे पति अशोक और तीन बेटों अनमोल, आकांशु व आर्यन को छोड़ गई हैं। उनके पति मजदूरी करते हैं।
सीओ राजवीर परिहार ने बताया कि हादसे में एक महिला की मौत हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।