रामपुर। पूर्व सांसद और फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा के खिलाफ स्वार थाने में दर्ज आचार संहिता उल्लंघन के मुकदमे में विवेचक दरोगा अंगपाल मिश्रा ने अपने बयान दर्ज कराए। जयाप्रदा के अधिवक्ता ने उनसे जिरह की। उनकी गवाही पूरी हो गई है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 12 अप्रैल को होगी।
जयाप्रदा 2019 के लोकसभा चुनाव में रामपुर संसदीय सीट से भाजपा की प्रत्याशी थीं। उनके खिलाफ स्वार थाने में आचार संहिता उल्लंघन आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। उन पर आरोप है कि स्वार थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर में उन्होंने 19 अप्रैल 2019 को एक सड़क का उद्घाटन किया। इसका वीडियो वायरल हुआ था। जिसके आधार पर फलाइंग स्कवॉड मजिस्ट्रेट-34 स्वार डॉ. नीरज कुमार पराशरी ने आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मुकदमे की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में चल रही है। बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान मुकदमे के विवेचक अंगपाल मिश्रा ने अपने बयान दर्ज कराए। जयाप्रदा के अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने उनसे जिरह की। उनकी गवाही पूरी हो गई है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 12 अप्रैल को होगी।