रामपुर। आईपीएचएल (इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेट्री) लैब की स्थापना के लिए लोगों को अभी इंतजार करना होगा। जिला अस्पताल में लैब निर्माण को लेकर अभी प्रस्ताव पर मंथन चल रहा है। प्रस्ताव तैयार करने के बाद शासन से हरी झंडी मिलने पर इसका निर्माण शुरू होगा।
कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों की जांच के लिए मरीजों को बरेली, मुरादाबाद, मेरठ और दिल्ली जाना पड़ता है। आईपीएचएल लैब की स्थापना से मरीजों को जिला अस्पताल में ही गंभीर बीमारियों की जांच की सुविधा मिलेगी। एक ही छत के नीचे गंभीर बीमारियों की जांचें हो सकेंगी। इसके साथ अभी जो जांचें अलग-अलग जगह हो रही हैं, वह सभी जांचें एक जगह हो सकेंगी। सीमन एनालाइसिस, हार्ट, हार्मोनल, कल्चर टेस्ट और अन्य कई प्रकार की जांचें यहां पर हो सकेगी, लेकिन इसके लिए अभी जनता को इंतजार करना होगा। स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव को लेकर मंथन चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि सभी चीजों का समावेश करने के बाद इसका प्रस्ताव बनाकर शासन स्तर पर भेजा जाएगा। ब्लड बैंक इंचार्ज प्रदुत्त सिंह ने बताया कि इस लैब के लिए अभी प्रस्ताव पर मंथन चल रहा है। इसमें लैब के साथ कई अन्य जांचें भी होंगी और इसके लिए मेन पॉवर और अन्य चीजों का समावेश होना है। इन सभी बिंदुओं पर चर्चा करने के बाद इस पर काम हो सकेगा।