बिलासपुर/स्वार/शाहबाद/रामपुर। जिले में बुधवार से 123 क्रय केंद्रों पर गेहूं तौल शुरू होगी। इसको लेकर कई केंद्रों पर बुधवार से शुरू हो रही गेहूं खरीद को लेकर मंगलवार को इसकी तैयारी होती नजर आई तो कहीं सन्नाटा पसरा रहा और केंद्रों पर ताले नजर आए। ऐसे में तौल शुरू होने से पहले सुबह के वक्त में ही सोशल डिस्टेंस से लेकर सैनिजटाइजेशन को लेकर पर्याप्त व्यवस्थाएं हो पाएंगी यह भी देखना होगा।
जिले में बुधवार से शुरू होने वाली गेहूं खरीद के लिए किसानों को टोकन नंबर जारी किए जा रहे हैं। बुधवार को जिन किसानों को गेहूं तौल के लिए बुलाया जाएगा उनको सोमवार शाम से मंगलवार शाम तक टोकन नंबर जारी किए गए हैं। क्रय केंद्रों पर तौल सुबह 10 से शाम 4 बजे तक होगी। इस दौरान प्रत्येक केंद्र पर हैंडवॉश, हैंड सैनिटाइजर, मास्क, सोशल डिस्टेंस को लेकर निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मंगलवार को स्वार, बिलासपुर व शाहबाद क्षेत्र में इन व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियों को परखने के लिए जब केंद्रों का रूख किया गया तो कहीं केंद्रों पर ताले पड़े मिले तो कहीं व्यवस्थाएं होती पाई गईं।बिलासपुर में गेहूं क्रय के लिए 29 केंद्रक बनाए गए हैं। जबकि मंडी में गेहूं की आवक शुरू हो गई है। नवीन मंडी में गेहूं क्रय को लेकर आवश्यक निर्देशों का मंगलवार को लाउडीस्पीकर से अनाउंसमेंट भी किया गया। इसके साथ ही सोशल डिस्टेंस व अन्य मानकों को लेकर भी तैयारियां की गईं।शाहबाद तहसील क्षेत्र में गेहूं खरीद के लिए 27 क्रय केंद्र बनाए गए है। तहसीलदार नरेंद्र कुमार ने बताया कि गेंहू खरीदने के लिए नगर की मंडी समिति में छह क्रय केंद्र खोले गए है। इसके साथ ही मतवाली, जनकपुर, मधुकर, ढकिया, पटवाई, रजोड़ा, पटरिया, नरखेड़ा, ढोलसर, मथुरापुर, सराय इमाम, अलफगंज, बूढ़पुर, नदनऊ, रेवड़ी कला, मितरपुर, खरसौल और घोसीपुरा में क्रय केंद्र बनाए गए हैं। क्रय केंद्रों पर सैनिटाइजेशन, सोशल डिस्टेंस आदि को लेकर निर्देश दे दिए गए हैं और इनके पालन की पुष्टि निरीक्षण कर की जाएगी।
स्वार में मंगलवार को अधिकतर गेहूं क्रय केंद्रों पर ताले लटके मिले और न ही केंद्र के बाहर किसानों के लिए सोशल डिस्टेंस को लेकर की गई कोई व्यवस्था नजर आई। तमाम केंद्रों पर किसी तरह का बोर्ड या बैनर भी लगा हुआ नहीं दिखा। ऐसे में बुधवार सुबह ही कैसे सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित होंगी यह बड़ा सवाल है।