रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के शनेरी गांव के लोग पिछले एक महीने से पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को कई बार इस समस्या के बारे में अवगत करवाया जा चुका है। मगर आज तक पानी की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
महिला मंडल शनेरी ने इस संबंध में मंगलवार को जलशक्ति विभाग रामपुर को ज्ञापन सौंपा। महिला मंडल की सदस्य जब ज्ञापन सौंपने के लिए कार्यालय पहुंची, लेकिन वहां कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। इस वजह से उन्हें विभाग के अधीक्षक को ज्ञापन सौंपना पड़ा। महिला मंडल शनेरी की प्रधान सुमित्रा देवी, सूरज देवी यशवंत, सूरज देवी और अन्य महिलाओं ने बताया कि पिछले एक महीने से गांव में पानी की समस्या आ रही है।
जलशक्ति विभाग को कई बार शिकायत करने पर भी आज तक समस्या का हल नहीं हुआ है। उन्होंने जलशक्ति विभाग रामपुर से मांग की कि पानी की समस्या जल्द समाधान किया जाए। जलशक्ति विभाग के एक्सईएन आरएस नेगी ने बताया कि कनिष्ठ अभियंता को मौके पर भेजकर पानी की समस्या को दूर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कनिष्ठ अभियंता को आदेश दे दिए गए हैं। एसडीओ क्वारंटीन पर होने पर कार्यालय में मौजूद अधीक्षक को महिलाओं ने ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि गर्मी होने पर पानी समस्या पेश आ रही है, जिसे जल्द दूर किया जाएगा