रामपुर। सपा नेता आजम खां से जिला जेल में मुलाकात के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खां के आवास का रुख किया। बृहस्पतिवार को रामपुर दौरे में अखिलेश ने आजम आवास पर भी लगभग एक घंटे का समय दिया।
इस दौरान आजम खां की पत्नी डॉ.तजीन फात्मा के साथ उनकी पारिवारिक स्थितियों पर बातचीत हुई। साथ ही सियासी हालात पर भी चर्चा की गई। हालांकि इस मुलाकात और इससे जुड़ी बातचीत में मीडिया से दूरी बनाए रखी गई।
सपा और आजम खां से नजदीकी रखने वाले बताते हैं कि सपा मुखिया की आवास पर हुई बातचीत में ज्यादा समय आजम खां की सेहत और घर-परिवार की बातचीत में ही गुजरा। इस दौरान आजम खां के साथ जेल में बंद उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को लेकर भी बातचीत हुई। साथ ही आजम और अब्दुल्ला से जुड़े मुकदमों की स्थिति तथा जौहर यूनिवर्सिटी मामले में ताजी परिस्थितियां भी चर्चा में आईं। आजम खां के बड़े बेटे अदीब आजम भी इस दौरान मौजूद रहे।
हालांकि, घर पर हुई बातचीत के ब्योरे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई लेकिन जेल में आजम खां से मिलने के बाद अखिलेश यादव ने आजम और परिवार से मुलाकात को राजनीतिक के बजाय भावनात्मक बताते हुए कहा कि इस परिवार से उनके पुराने संबंध हैं।
00
यह रहे मौजूद
सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर, नगर अध्यक्ष आसिम राजा, विधायक फहीम, धामपुर के विधायक स्वामी ओमवेश, पटियाली विधायक नुसरत जहां, विधायक नसीर अहमद, पूर्व विधायक रिजवान अली, पूर्व विधायक विजय सिंह, सपा नेता ओमेंद्र सिंह चौहान, अमरजीत सिंह, फिरोज खां, यूसुफ मलिक आदि मौजूद रहे।
00
अधिवक्ता ने भी जेल में की आजम से मुलाकात
रामपुर। सपा मुखिया अखिलेश यादव के साथ सपा नेता आजम खां के अधिवक्ता इमरान उल्ला खां भी जेल पहुंचे। उन्होंने भी आजम खां से मुलाकात की और कुछ कानूनी पहलुओं पर चर्चा की। संवाद