ट्रैक्टर-ट्रॉली से कोतवाली पहुंचे ग्रामीण, बाबा के खिलाफ दिया शिकायती पत्र, पुलिस ने निपटाया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहबाद। मीरापुर गांव स्थित मंदिर में भक्तों को जल चढ़ाने से रोके जाने पर ग्रामीणों और मंदिर में रह रहे एक बाबा के बीच तनाव पैदा हो गया। विवाद के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण कोतवाली पहुंचे और बाबा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। घटना के बाद बाबा को मंदिर छोड़कर जाना पड़ा।
सोमवार को ग्रामीण मंदिर में जल चढ़ाने पहुंचे थे लेकिन मंदिर में मौजूद बाबा ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। इससे ग्रामीण भड़क उठे और मंदिर के बाहर जमा होकर विरोध करने लगे। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी हुई।
ग्रामीणों ने पुलिस को बुलाया, जिसके बाद मामला थोड़ा शांत हुआ। इसके बाद करीब 50 ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर कोतवाली पहुंचे और बाबा के खिलाफ लिखित शिकायत दी। शिकायत में बाबा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें मंदिर से हटाने और गांव में शांति बनाए रखने की मांग की गई।
कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि बाबा के प्रति गांव में व्यापक विरोध था। पुलिस ने बाबा से बातचीत की और उन्हें समझाया, जिसके बाद वह स्वेच्छा से मंदिर छोड़कर चले गए। फिलहाल गांव में स्थिति शांत है।