रामपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र में 14 साल पहले हुई दो दोस्तों की हत्या के मामले में सेशन कोर्ट बुधवार को सुनवाई करेगी और फैसला सुना सकती है।
दोहरे हत्याकांड का यह मामला सिविल लाइंस क्षेत्र के ज्वालानगर शिव विहार कॉलोनी का है। 17 मार्च 2012 की सुबह नाले में दो युवकों के शव मिले थे, जबकि दो बाइक भी नाले में पड़ी थीं। दोनों की शिनाख्त आगापुर निवासी अजय यादव और भोट थाना क्षेत्र के मिलक बिचौला गांव निवासी जुल्फिकार के रूप में हुई थी। दोनों आपस में दोस्त थे।
मृतकों के परिजनों की ओर से ज्वालानगर निवासी शिवसेना के पूर्व जिला प्रमुख अनुराग शर्मा, भाजपा नेता अवधेश शर्मा, आगापुर निवासी प्रदीप पंडित, शहजादनगर थाना क्षेत्र के रायपुर का मझरा निवासी कल्लू, मुरादाबाद जनपद के थाना मूंढापांडे अंतर्गत धतुर्रा मेघानगला गांव निवासी मुकेश, उसके भाई बंटी, जनपद बदायूं के थाना मिठवा निवासी विक्की पंडित और ज्वालानगर निवासी वसीउर्रहमान उर्फ शबलू को नामजद किया गया था।
पुलिस ने विवेचना के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी, जिस पर सेशन कोर्ट में सुनवाई चल रही है। आरोपियों में से एक, शिवसेना के पूर्व जिला प्रमुख अनुराग शर्मा की मृत्यु हो चुकी है। इस मामले की सुनवाई पूरी हो चुकी है और पिछली तारीख पर 22 अप्रैल की तिथि तय की गई थी। कोर्ट बुधवार को इस मामले में अपना फैसला सुना सकती है।