रामपुर। जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों में बढ़ोत्तरी को देखते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने मास्क का उपयोग न करने वालों के विरुद्ध जुर्माना लगाने के निर्देश दिए हैं।
जिले में टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। यह टीमें सार्वजनिक स्थलों पर सक्रिय रहकर मास्क का उपयोग न करने वालों को चिह्नित करके उनके विरुद्ध जुर्माना लगाने की कार्रवाई करेंगी। प्रशासनिक स्तर से वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानी अपनाते हुए जनजीवन को सामान्य बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, परन्तु आमजन द्वारा मास्क का उपयोग न करने और फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन न करने की वजह से हाल में कोविड संक्रमण के मामलों में बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। संक्रमण से बचाव की जिम्मेदारी प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं लेनी होगी। इसके लिए जरूरी सावधानियां अपना कर सुरक्षित रहने की जिम्मेदारी भी प्रत्येक व्यक्ति की स्वयं है। इसलिए, फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करें और मास्क अनिवार्य रूप से लगाएं। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक स्तर से नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित कंटेनमेंट जोन के अंतर्गत कॉन्टेक्ट ट्रैसिंग की कार्यवाही की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में कंटेनमेंट जोन में पंचायत विभाग द्वारा तथा नगरीय क्षेत्र में नगर पालिका एवं नगर पंचायतों द्वारा सैनिटाइजेशन का कार्य भी कराया जा रहा है।