शाहबाद। कोतवाली क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव में घर वालों की डांट से क्षुब्ध होकर एक किशोरी कमरे में लगे पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर झूल गई। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के मुताबिक रुस्तमपुर निवासी राकेश यादव की बेटी खुशबू (16) ने घर के कमरे में पंखे से दुपट्टे का फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर परिजनों को शक हुआ। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो किशोरी फंदे से लटकी हुई थी। यह देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए।
परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों के मुताबिक किसी बात को लेकर उसे डांट दिया गया था, जिससे वह क्षुब्ध हो गई और यह कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किशोरी की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। कोतवाल प्रदीप कुमार ने बताया कि किशोरी का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। तहरीर अभी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। बाद में फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।