रामपुर के मिलक में हाईवे पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने खालों से भरा ट्रक पकड़ लिया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर हंगामा काटा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रामपुर के मिलक क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को खालों से भरा ट्रक पकड़े जाने के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। ग्राम लोहा के पास हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने ट्रक को घेर नारेबाजी शुरू कर दी। अचानक हुए घटनाक्रम से हाईवे पर अफरातफरी मच गई।
विज्ञापन
आरोप है कि ट्रक में प्रतिबंधित तरीके से खालों को ले जाया जा रहा था। कार्यकर्ताओं के हंगामे के बीच ट्रक चालक मौका पाकर भाग गया। चालक के गायब होने की जानकारी मिलने के बाद लोगों में आक्रोश और बढ़ गया। कार्यकर्ताओं ने ट्रक को मौके से हटाने नहीं दिया और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
इसके बाद मिलक पुलिस के साथ ही एएसपी अनुराग सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश की। काफी देर तक हाईवे पर जाम के हालात बने रहे। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
विज्ञापन
मजबूरी में पुलिस ने यातायात को वन साइड कराकर किसी तरह सुचारु कराया। पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि खालों के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात है।