रामपुर। ज्वालानगर में नाबालिग को कथित रूप से बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में सोमवार देर शाम हंगामा हो गया। युवकों को रोककर पूछताछ करने पर विश्व हिंदू परिषद धर्म प्रचार के कार्यकर्ताओं और दूसरे पक्ष के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। इससे शाहबाद रोड पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ज्वालानगर निवासी एक युवक ने थाना सिविल लाइंस में तहरीर देकर आरोप लगाया कि नई बस्ती, अजीतपुर निवासी एक युवक अपने साथी के साथ उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का प्रयास कर रहा था।
शिकायत में नाबालिग के साथ अश्लील हरकत करने, छेड़खानी और दुष्कर्म का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, उनकी बेटी किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर वहां से भाग आई।
आरोप है कि इसी दौरान विहिप धर्म प्रचार के कार्यकर्ताओं ने युवकों को रोककर पूछताछ की। इस पर कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच संघर्ष के कारण सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई और वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली।
सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, पुलिस ने शिकायत के आधार पर अजीतपुर निवासी बिलाल और तालिब के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।