कंट्रोल रूम में लगे सात कंप्यूटरों से सभी केंद्रों की 24 घंटे निगरानी करेंगे 21 कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। जिले में 18 फरवरी से शुरू हो रहीं यूपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विभाग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजकीय रजा इंटर कॉलेज में बनाए गए कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों को जोड़ा गया है। इसके लिए कंट्राेल रूम में सात कंप्यूटर लगाए गए हैं। यहां 21 कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
जिले से यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार 46766 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इनमें हाईस्कूल में 25518 और इंटर में 21248 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के लिए शहर से लेकर देहात तक 74 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए बनाए गए कंट्राेल रूम में तीन शिफ्टों में सात-सात कर्मचारियों को लगाया गया है।
परीक्षा के लिए छह सचल दलों का गठन किया गया है। इसके अलावा 74 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। डीआईओएस ने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों को लैस किया गया है जो 24 घंटे चालू रहेंगे।
परीक्षा में किसी भी प्रकार से लापरवाही पाए जाने पर संबंधित केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए विभाग की ओर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
जिले में 18 फरवरी से शुरू हो रहीं यूपी बोर्ड परीक्षाओं के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कंट्रोल रूम में 21 कर्मचारियाें को तैनात किया गया है जो तीन शिफ्टों में ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों की 24 घंटे निगरानी की जाएगी। -अंजलि अग्रवाल, डीआईओएस