रामपुर। शहजादनगर थाना क्षेत्र में 19 जनवरी को उपलों के बिटोरे में अधजली लाश मिलने की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान मुजफ्फरनगर जनपद के लुहसाना थाना बुढ़ाना गांव निवासी नीरज सैनी की पत्नी रूमा सैनी के रूप में हुई है। बरेली में उसकी हत्या की गई थी और उसका पति शव को ठिकाने लगाने ले जा रहा था। रास्ते में बिटोरा देखकर उसने रूमा का शव उसमें डालकर आग लगा दी और चला गया था। मुजफ्फरनगर की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मुजफ्फरनगर के थाना शाहपुर के पलड़ी गांव निवासी धर्मपाल सैनी की बेटी रूमा सैनी की शादी लगभग छह साल पहले बुढ़ाना गांव के नीरज सैनी के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। नीरज बरेली में काम करता था और रूमा को वह बरेली ले आया था, लेकिन बच्चों को गांव में छोड़ दिया था। रूमा के बारे में कोई जानकारी न मिलने पर उसके पिता ने मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाने में 21 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मुजफ्फरनगर की पुलिस ने जब बरेली पहुंचकर उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस की माने तो नीरज ने दूसरी शादी कर रखी है। नीरज की दूसरी पत्नी से रूमा की नहीं बनती थी। पुलिस का दावा है कि नीरज ने पूछताछ में बताया कि उसकी दूसरी पत्नी ने रूमा की हत्या कर दी थी। जिसके बाद वह कार से उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए निकला था। वह 18 जनवरी की रात बरेली से मुरादाबाद की ओर जा रहा था। शहजादनगर थाना क्षेत्र के मेघानगला कदीम के पास उसने हाईवे किनारे बिटोरे का ढेर देखकर उसमें रूमा का शव डालकर आग लगा दी और वहां से खिसक गया। अगले दिन जब लोगों ने देखा तो बिटोरे में एक महिला का अधजला शव पड़ा हुआ था। रामपुर पुलिस महिला की पहचान करने की कोशिश में लगी हुई थी। इस बीच मुजफ्फरनगर की पुलिस बुधवार की रात नीरज को साथ लेकर घटना स्थल पर पहुंच गई। घटना स्थल की तस्दीक करने के बाद मुजफ्फरनगर की पुलिस नीरज को अपने साथ ले गई। स्थानीय पुलिस का कहना है कि इस मामले का खुलासा मुजफ्फरनगर की पुलिस करेगी। रामपुर पुलिस से जो सहयोग मांगा जाएगा वह उपलब्ध कराया जाएगा।