रामपुर। हनी ट्रैप में फंसाकर अपने घर बुलाने और फिर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर अपने साथियों के साथ मिलकर रंगदारी मांगने के आरोप में गंज थाना की पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। महिलाओं से पूछताछ के आधार पर पुलिस को कुछ अहम जानकारी हासिल हुई है। इसके आधार पर वह इनके अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मुरादाबाद के डिलारी क्षेत्र के एक व्यक्ति ने 06 जुलाई 2022 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर किसी महिला ने कॉल किया था और बिजनेस के सिलसिले में अपने घर पर बुलाया था। महिला ने उसके साथ अश्लील हरकत की। इस दौरान कुछ लोग वहां पहुंच गए जिन्होंने खुद को पुलिस कर्मी बताया और उससे रंगदारी मांगी। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी। पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मुकदमे की जांच शुरू कर दी थी। जांच में यह बात सामने आई कि कुछ महिलाएं और पुरुष मिलकर संगठित गिरोह चला रहे हैं जो युवकों को हनी ट्रैप में फंसाकर अपने पास बुलाते हैं और उनकी आपत्ति जनक वीडियो और कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर ब्लैकमेल करते हैं। उनसे रंगदारी मांगते हैं। रंगदारी देने से इनकार करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देते हैं। पुलिस ने इस आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। इसमें से एक गंज क्षेत्र की रहने वाली है तो दूसरी कोतवाली क्षेत्र की। उनके पास से एक कार और दो मोबाइल बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि अभी इस मामले की जांच जारी है। इस गिरोह में कौन-कौन से लोग शामिल हैं इसकी पड़ताल की जा रही है।