शहजादनगर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात हुई दो ट्रकों में आमने-सामने की भिड़ंत में एक ट्रक के ड्राइवर कुशीनगर निवासी प्रेमचंद (35) की मौत हो गई। वहीं दूसरे ट्रक का चालक बुलंदशहर निवासी शफीक और उसका हेल्पर बब्लू घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुलंदशहर निवासी शफीक और हेल्पर बब्लू बृहस्पतिवार रात ट्रक में सामान लेकर बरेली से मुरादाबाद की ओर जा रहे थे। भंडपुरा गांव के पास गलत साइड में सामने से आ रहे ट्रक से उनका ट्रक टकरा गया। हादसे में दोनों ट्रकों के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं सामने का आ रहे ट्रक का ड्राइवर केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रेमचंद को ट्रक के केबिन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं हादसे में घायल शफीक और बब्लू को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया।