बिलासपुर। नगर में बृहस्पतिवार शाम कार की साइड लगने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जो मारपीट और पथराव में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों की तीन कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार अमरोहा जिले के गजरौला कस्बे से कुछ युवक नगर में आई एक बरात में शामिल होने कार से आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोहल्ला भट्टी टोला स्थित शनिवार बाजार रोड पर एक फास्ट फूड सेंटर के पास शाम करीब छह बजे एक बराती युवक कार बैक कर रहा था। इसी दौरान उसकी कार स्थानीय निवासी की कार से टकरा गई, जिससे कार का शीशा टूट गया।
इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते पथराव होने लगा। पथराव में लोगों को चोट तो नहीं आई, लेकिन दोनों पक्षों की तीन कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।
सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी योगेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मोहल्ला भट्टी टोला निवासी एक युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गए। दूसरे पक्ष के लोग भी क्षतिग्रस्त वाहनों के साथ कोतवाली पहुंचे और शिकायत दी।
कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।