रामपुर में ट्रेन में लूट की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस और जीआरपी स्टाफ।
- फोटो : संवाद
दिल्ली से माल खरीदने जा रहे स्पेयर पार्ट्स कारोबारी के दो सेल्समैन से बुधवार सुबह करीब 10:15 बजे संपर्क क्रांति ट्रेन में तीन बदमाशों ने चाकू और तमंचों के बल पर लाखों रुपये लूट लिए। बिलासपुर में ट्रेन की रफ्तार कम होते ही बदमाश उतरकर फायरिंग करते हुए भाग निकले। हालांकि सुबह व्यापारी की ओर से लूटी गई रकम सात लाख रुपये बताई गई थी। मगर दर्ज प्राथमिकी में यह रकम 2.5 लाख रुपये लिखाई गई है।
रुद्रपुर में मलिक कॉलोनी निवासी स्पेयर पार्ट्स के व्यापारी मनजीत सिंह के दो कर्मचारी ऋतिक मंडल और साहिब सिंह दुकान का माल लेने दिल्ली जा रहे थे। दोनों रुद्रपुर सिटी रेलवे स्टेशन से संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (संख्या 15036) के सामान्य श्रेणी के चेयरकार वाले कोच डी वन की सीट संख्या 37 व 38 पर बैठे थे। व्यापारी ने दोनों कर्मचारियों को माल खरीदने के लिए सात लाख रुपये नकद दिए थे। दोनों ने साढ़े तीन-साढ़े तीन लाख रुपये अपने पास रखे हुए थे।
पीड़ितों के अनुसार, तीनों बदमाश उसी डिब्बे में सवार थे जिसमें वह दोनों बैठे थे। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के पहुंचते ही बदमाशों ने उनको तमंचे व चाकू के बल पर धमकाते हुए उनकी सीट से उठाया और दरवाजे की तरफ ले गए। वहां उनसे सारा कैश और मोबाइल फोन लूट लिए। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के धीमे होते ही तीनों बदमाश नीचे कूद गए और हवाई फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भाग गए। इस दौरान उन्होंने उनके मोबाइल फोन ट्रेन के अंदर फेंक दिए। वारदात से यात्रियों में दहशत फैल गई।
पीड़ितों ने घटना की जानकारी अपने मालिक मनजीत सिंह को दी। मनजीत ने तुरंत रेलवे पुलिस और कोतवाली पुलिस को फोन पर अवगत कराया। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह, जीआरपी रुद्रपुर के चौकी प्रभारी संतोष कुमार मीणा और जीआरपी रामपुर की निरीक्षक शिखा मलिक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं। जीआरपी थाना रामपुर में ऋतिक की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले और बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी। जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक ईश्वर चंद्र ने भी अपनी टीम के साथ मौका मुआयना किया। हालांकि अभी तक लुटेरों की पहचान नहीं हो सकी है।
मुरादाबाद के एसपी जीआरपी बोले
ट्रेन में सवार यात्रियों की तहरीर के आधार पर जीआरपी थाने रामपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बना दी गई हैं। हमें पीड़ितों ने ढाई लाख रुपये छीनने की जानकारी दी है। हम हर बिंदु पर जांच करा रहे हैं। साथ ही ट्रेनों में रात्रि गश्त बढ़ाने के लिए भी टीम को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
-- आशुतोष शुक्ला, एसपी जीआरपी, मुरादाबाद