रामपुर। बाईपास पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार ट्रक और कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों मृतक लखीमपुर खीरी के रहने वाले थे। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। वहीं हादसे की सूचना पर पीड़ित परिवार को दे दी गई है।
यह हादसा सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में आगापुर बाईपास पर शुक्रवार शाम को हुआ। बरेली की ओर से वैगन-आर कार दिल्ली की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक दिल्ली से बरेली की ओर जा रहा था। आगापुर के पास ट्रक ने कार को सामने से रौंद दिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार दोनों युवक बुरी तरह फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों ने मौके पर पहुंचकर मदद की, लेकिन घायलों को नहीं निकाला जा सका। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक में फंसी कार को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों युवकों को निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। हल्का प्रभारी हारून खां ने मृतकों की जेब से कागजात आदि निकाले और शिनाख्त का प्रयास किया। मृतकों में नूरूद्दीन पुत्र शफी और हुसैन कमाल पुत्र अहसान अली निवासी लखीमपुर खीरी शामिल हैं। पुलिस ने पीड़ित परिवारों को हादसे की जानकारी दी, जिस पर वह तुरंत ही रामपुर को रवाना हो गए। पुलिस ने दोनों शव लेकर पोस्टमार्टम को मोर्चरी भेज दिए हैं।