रामपुर। पनवड़िया बिजलीघर के पास 33 केवीए का तार टूटने से आधे शहर की बिजली पांच घंटे से अधिक समय तक बाधित रही। इससे करीब दो लाख की आबादी प्रभावित हुई और भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार को भी दिनभर बिजली कटौती जारी रही।
मंगलवार शाम करीब सात बजे पनवड़िया बिजलीघर के पास से गुजर रहा 33 केवीए का तार टूटकर गिर गया। इससे जुड़े 13 बिजलीघरों की सप्लाई ठप हो गई। शाहबाद गेट, सिविल लाइन, मिस्टनगंज और हाफिज साहब की मजार समेत आधे शहर की बिजली गुल हो गई।
बिजली सप्लाई बंद होने से मोहल्लों में अंधेरा छा गया। पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई और घरों में मोटर बंद हो गईं। एसी, कूलर और अन्य उपकरण बंद होने से लोगों को गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी।
फॉल्ट दूर करने में बिजली निगम को पांच घंटे से अधिक समय लग गया। इस दौरान उपभोक्ता लगातार बिजलीघरों में फोन करते रहे, लेकिन उन्हें कोई सटीक जवाब नहीं मिला। बाद में बिजली कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद सप्लाई सुचारु कराई।
-
ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने के इंतजाम नहीं
रामपुर। शहर में ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने के लिए पंखे लगाए गए थे, जिससे ज्यादा गर्म होने पर फॉल्ट न हो सके, लेकिन अभी शौकत अली रोड, बरेली गेट और सिविल लाइन की तरफ इन ट्रांसफार्मरों में पंखे नहीं लग सके हैं, जिससे फॉल्ट होते रहते हैं। संवाद
तारों के आगे आ रहीं पेड़ों की टहनियां
बिजनेस प्लान के तहत बिजली निगम लगातार पेड़ों की टहनियां हटा रहा है लेकिन बावजूद इसके आए दिन इससे तार टकराकर टूट रहे हैं और इलाकों की बिजली सप्लाई बाधित हो रही है।
-
वर्जन
पनवड़िया के पास तार टूट गया था, जिससे इससे जुड़े फीडरों पर बिजली बाधित हुई थी, लेकिन टीम ने काफी मशक्कत करने के साथ बिजली को रात को ही सुचारु करा दिया था। -पीके शर्मा, एक्सईएन प्रथम, बिजली निगम
-
कहां-कहां कितने घंटे गुल रही बिजली
शाहबाद गेट-पांच घंटे
मिस्टन गंज पांच घंटे
राजद्वारा पांच घंटे
आवास विकास कॉलोनी-चार घंटे
ज्वाला नगर- तीन घंटे
पहाड़ी गेट-तीन घंटे
डूंगरपुर-तीन घंटे
सिविल लाइंस-तीन घंटे