फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत

Mon, 19 Oct 2026 01:43 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
स्वार। केलाखेड़ा मार्ग पर रविवार शाम पिरानी के बाग के निकट तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
विज्ञापन

कोतवाली क्षेत्र के मधुपुरा गांव निवासी मुकेश कुमार (21) पुत्र राजकुमार और सुनील कुमार (22) पुत्र रामकुमार आपस में गहरे दोस्त थे। दोनों नगर की आरा मशीनों पर लकड़ी की छिलाई का काम करते थे। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण काम बंद था। इस पर मुकेश अपने दोस्त सुनील के साथ उत्तराखंड के गदरपुर थाना क्षेत्र के गुलडरभोज स्थित अपनी बहन के घर गया था।
दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े चार बजे स्वार-केलाखेड़ा मार्ग पर पिरानी के बाग और सिख झाले के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस और मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। दोनों युवकों की मौत से परिवारों में मातम छा गया।
विज्ञापन

सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
000
गांव में दी जाती थी दोनों की दोस्ती की मिसाल
स्वार। मधुपुरा गांव के मुकेश कुमार और सुनील कुमार की दोस्ती की मिसाल गांव में दी जाती थी। दोनों की उम्र में महज एक साल का अंतर था। गहरी दोस्ती के चलते वे ज्यादातर समय साथ बिताते थे। नगर की आरा मशीनों पर लकड़ी की छिलाई का काम भी दोनों साथ करते थे और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवारों का भरण-पोषण करते थे। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने पर दोनों बाइक से उत्तराखंड के गुलडरभोज स्थित मुकेश की बहन के घर मिलने गए थे। वहां से लौटते समय हुए हादसे ने दोनों की जिंदगी छीन ली। जो दोस्त रोज साथ काम करते थे और साथ ही आते-जाते थे, उनकी एक साथ मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। संवाद
000
परिवारों में कोहराम
स्वार। सड़क हादसे में दो मित्रों की मौत से मधुपुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। जवान बेटों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर तरफ मातम पसरा है। हादसे की खबर सुनकर आसपास के लोग भी गमगीन हैं। दुख में कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले।
मधुपुरा निवासी मुकेश और सुनील की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मुकेश की बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि सुनील दो भाइयों और तीन बहनों में से एक था। दोनों मित्र अविवाहित थे। दोनों परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण घरों में मातम के बीच भविष्य की चिंता भी है। बेटों को खोने के गम में परिजनों को संभालना मुश्किल हो रहा है। गांव के लोग शोकाकुल परिवारों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें