टांडा। मीना बाजार चौराहे के निकट मंगलवार को अचानक सड़क पर आए ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में दो डंपर आपस में भिड़ गए। हादसे में मुरादाबाद की ओर से आ रहे डंपर का चालक मुजम्मिल निवासी सैदनगली, अमरोहा गंभीर रूप से घायल होकर केबिन में फंस गया, जबकि दूसरे डंपर का चालक मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुख्य मार्ग से जुड़ी सड़क से अचानक निकले ई-रिक्शा को बचाने के लिए मुजम्मिल ने वाहन मोड़ा। इसी दौरान उसकी दढ़ियाल की ओर से आ रहे दूसरे डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। एक डंपर का डीजल टैंक फटने से सड़क पर डीजल फैल गया।
हादसे के बाद टांडा-मुरादाबाद मार्ग पर घंटों जाम लगा रहा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से मुजम्मिल को केबिन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने यातायात सुचारु कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।