स्वार। कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे 25-25 हजार के इनामी बदमाश आजम और आरेफीन को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान कर दिया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
कोतवाल कुलदीप सिंह ने बताया कि चार अक्टूबर को कोतवाली क्षेत्र के नरपतनगर आरेफीन और दूंदावाला निवासी आजम के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इस अभियोग की विवेचना प्रभारी निरीक्षक थाना टांडा द्वारा की जा रही है। अभियोग में नामित आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। पुलिस इन दोनों की सरगर्मी के साथ तलाश में जुटी हुई थी। बृहस्पतिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि ईनामी बदमाश बिलासपुर मार्ग स्थित पीरानी के बाग के निकट खड़े हैं और ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कहीं भागने के लिए वाहन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर घेराबंदी करली। हालांकि उन्होंने भागने का प्रयास भी किया लेकिन पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह, सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार गिल, सब इंस्पेक्टर यूटी धीरज, कांस्टेबल अर्जुन सिंह, राजन चौधरी और कमलजीत सिंह शामिल रहे।