बिलासपुर/खजुरिया। रामपुर जिले के सीमांत जिला बरेली के गांव खमरिया की बैगुल नदी बांध पर पूर्व विधायक जयदीप सिंह बरार के नेतृत्व में तमाम किसानों ने बृहस्पतिवार को कारसेवा के माध्यम से बांध को बांधने के लिए सफाई व मिट्टी को एकत्र करने का कार्य शुरु किया।
बृहस्पतिवार को किसान कल्याण समिति के अध्यक्ष व पूर्व विधायक जयदीप सिंह बरार के नेतृत्व में बांध परिसर पर क्षेत्र के तमाम किसान एकत्र हुये। किसानों ने बांध को बांधने के लिए कारसेवा के माध्यम से बांध क्षेत्र में समतलीकरण का कार्य एवं बांध बांधने के लिए बांध क्षेत्र के एक साईड में प्रति बर्ष की तरह ट्रैक्टर ट्रालियों द्वारा मिट्टी को एकत्रित करने का कार्य शुरु किया गया। बांध क्षेत्र पर पहले दिन बांध को बांधने के लिए कारसेवा के माध्यम से किसानों में काफी उत्साह दिखाई दिया। काफी किसान बांध क्षेत्र पर पूरे दिन बांध को बनाने के लिए मिट्टी को एकत्र करते दिखे। पूर्व विधायक बरार ने कहा कि जल ही जीवन है। हमें जल के संरक्षण के लिए बांध बांधना अति आवश्यक है। जो नदी व नहरें पानी के बिना सूनी पड़ीं रहती हैं और बांध बंधने के बाद उनमें पानी चलने से उनकी शोभा बढ़ जाती है। किसानों को अपनी फसलों में सिंचाई करने का सबसे कम खर्चे में काम चल जाता है। इस मौके पर वेदप्रकाश कश्यप, किसान नेता बलबीर सिंह गंगवार, चौधरी विजयपाल सिंह, गजराज सिंह, ठाकुर शंकर सिंह, ठाकुर कृष्णपाल सिंह, ध्रुव सिंह, सोमपाल सिंह, त्रिलोचन भट्ट आदि तमाम किसान लोग मौजूद रहे।