बिलासपुर। शराब के लिए रुपये न देने पर एक युवक ने दो ममेरे-फुफेरे भाइयों पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने नामजद आरोपी को चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम चक शादी नगर निवासी रवि कुमार की दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, उनका सगा भाई राजकुमार रविवार शाम अपने ममेरे भाई धर्मेंद्र कुमार निवासी मोहल्ला लक्ष्मी नगर से मिलने आया था। रात करीब 10 बजे मोहल्ले का शंकर दोनों से शराब के लिए रुपये मांगने लगा। मना करने पर उसने चाकू से हमला कर दिया, जिससे राजकुमार और धर्मेंद्र कुमार घायल हो गए। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया।
कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर नामजद आरोपी शंकर को मोहल्ले से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर जानलेवा हमले में प्रयुक्त चाकू भी पीपल के पेड़ के पास से बरामद कर लिया गया है। सीओ हर्षिता सिंह का कहना है कि मामले की तहकीकात की जा रही है।