रोहडू़। जिला पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर रोहडू़ के एक युवक से 2.19 लाख रुपये की ठगी के मामले में दिल्ली से एक प्रेमी जोड़े को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक प्रेमी जोड़ा कई सालों से नौकरी के नाम पर युवाओं से धोखाधड़ी को अंजाम दे रहा है।
खातों की जांच करने पर पता चला कि आरोपी युवाओं से करीब नौ लाख रुपये की ठगी कर चुके हैं। उन्होंने फरीदाबाद के एक गरीब युवक के नाम पर फर्जी बैंक में फर्जी खाता खोल रखा था। इसी खाते में आरोपी युवाओं से पैसे डलवाते थे। आरोपियों की पहचान लक्ष्मी राज और उसकी प्रेमिका परविंदर कौर के तौर पर हुई है। दोनों दिल्ली के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक नवंबर 2018 में रोहडू़ के बटाडा निवासी रितेश शर्मा ने पुलिस थाना रोहडू़ में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसमें युवक ने बताया कि अखबार में उसने एक विज्ञापन पढ़ा, जिसमें सरकारी नौकरी दिलवाने का दावा किया गया था। उसमें दिए नंबर पर कॉल करने पर उसे किसान सेवा केंद्र में नौकरी दिलवाने का झांसा दिया गया। यहां उसे 22 हजार 500 रुपये प्रति माह वेतन देने की बात कही गई थी।
इसके बाद शिकायतकर्ता से पंजीकरण के नाम पहले 15 सौ रुपये और 27 हजार रुपये भेजने के लिए कहा गया। इस तरह सिलसिलेवार तरीके से रितेश से 4 महीने के भीतर 2 लाख 19 हजार दे चुका था। कुछ समय बाद जब पैसा मांगने वालों ठगों के सभी संपर्क नंबर बंद हो गए तो उसने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की तो पता चला कि दिल्ली के लक्ष्मी राज और उसकी प्रेमिका परविंदर कौर को इस पूरे धोखाधड़ी के रैकेट को चला रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 120ए के तहत कार्रवाई अमल में लाई और उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों को अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें 9 मार्च तक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों ने फरीदाबाद के ही एक अन्य युवक जो बहुत गरीब है कि नाम परखाता खुलवाया था। इसमें ठगी से पीड़ित रितेश शर्मा सहित अन्य युवाओं ने पैसे जमा करवाए थे। इन पैसों की योजनाबंद तरीके से एटीएम के जरिये निकासी की जाती थी।
एसडीपीओ रोहडू़ सुनील नेगी ने बताया कि इस मामले में पुलिस को लंबे समय तक गहनता से छानबीन केर करनी पड़ी। इसके लिए आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया। मुख्य आरक्षी मदन सिंह और उनकी टीम ने सराहनीय काम किया हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी अनजान व्यक्ति को बैंक अकाउंट, आधार, ओटीपी और लॉटरी के नाम पर किसी प्रकार की जानकारी साझा न करें।