सैफनी (रामपुर)। नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 500 कोडिनयुक्त सिरप बरामद किए हैं। संयुक्त अभियान में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
साेमवार रात औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार और थाना सैफनी पुलिस को सूचना मिली कि बिलारी-सैफनी रोड से अवैध कोडिनयुक्त सिरप की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। टीम ने मौके से फहीम और जुबेर निवासी बिलारी, जनपद मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से पांच पेटियों में रखे 500 कोडिनयुक्त सिरप बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी दौलतपुर गांव निवासी रघ्घन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना सैफनी में एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। सीज दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।