दढ़ियाल। क्षेत्र की ग्राम पंचायत पीपली नायक में हर घर जल पेयजल परियोजना तीन साल बाद भी अधूरी पड़ी है। पंचायत में महमदपुर पुर , चक दुली, मजरा सहित पीपली नायक भी शामिल हैं, जिनकी कुल आबादी लगभग 20 हजार है।
परियोजना के तहत ओवरहेड टैंक तो दूर पंप भी तैयार नहीं है। अभी तक उसका निर्माण अब तक पूरा हो सका नहीं है। इसके लिए प्रशासन की ओर से कवायद अधूरी है। लोग इससे परेशान हैं। इससे गांव की सड़कें, खड़ंजा मार्ग जर्जर और ऊबड़-खाबड़ हो गया है। ओवरहेड टैंक और पंप हाउस का निर्माण पीपली नायक में अधूरा है।
ग्रामीणों धर्मेंद्र, राजेंद्र, मुरारी, होशियार, गणपत, सद्दीक, तौफीक आदि का कहना है कि अधूरे निर्माण और बदहाल रास्तों के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं। गांव में हैंडपंप हैं लेकिन कुछ हैंड पंपों में गंदा पानी आ रहा है। ओवर हेड टैंक के लिए खोदा गया गड्ढा तालाब में तब्दील हो गया है।
बोले लोग
तीन साल बीत गए लेकिन अभी तक पानी की कोई सुविधा पूरी तरह शुरू नहीं हो सकी है। पाइप लाइन डालकर के लिए रास्ते खराब कर दिए गए, जिससे ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है। -गोपाल सिंह
-
जल परियोजना की लागत करोड़ों में है लेकिन काम अभी तक अधूरा पड़ा है। जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। -जाकिर हुसैन
-
गांव में पीने के पानी की बहुत बड़ी समस्या है, कुछ हैंड पंपों में पानी पीने योग्य नहीं है। गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है। -सद्दीक अहमद
-
रास्ते इतने खराब हो चुके हैं कि बरसात में निकलना मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों की ड्रेस भी कीचड़ में खराब हो जाती है। -तौफीक अहमद
-
ओवरहेड टैंक और पंप हाउस का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए। संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। -सत्यपाल सिंह, ग्राम प्रधान, पीपली नायक