फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: आजादी की सालगिरह पर आज लहराएगा तिरंगा

Thu, 15 Aug 2024 12:19 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। आजादी की सालगिरह बृहस्पतिवार को धूमधाम से मनाई जाएगी। इसको लेकर पुलिस प्रशासन ने अपने स्तर से तैयारियां पूरी कर ली हैं। गांधी समाधि समेत अन्य सरकारी भवनों को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। साथ ही सड़कों से लेकर निजी व सरकारी भवनों पर तिरंगे लहरा रहे हैं। इस बीच पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
विज्ञापन

आजादी के जश्न पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ होगी। बृहस्पतिवार को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत गांधी समाधि से स्वार रोड पर पांच किलोमीटर की क्राॅस कंट्री रेस से होगी। गांधी समाधि से शुरू होकर यह रेस वापस गांधी समाधि पर पहुंचेगी। सुबह सात बजे से नगर के विभिन्न मार्गों से विभिन्न विद्यालयों द्वारा प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी, जो गांधी समाधि पर पहुंचेगी। सुबह आठ बजे गांधी समाधि पर ध्वजारोहण किया जाएगा। बाद में सभी सरकारी व गैर सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण एवं राष्ट्रीय गान का आयोजन प्रात: आठ बजे से किया जाएगा। इसके बाद 10बजे सरकारी व गैर सरकारी व मान्यता प्राप्त स्कूल कालेजों व दफ्तरों में ध्वजारोहण होगा। इसके साथ ही पौधारोपण का भी कार्यक्रम होगा। इसके बाद 11 बजे से जिला चिकित्सालय, कुष्ठ आश्रम, एवं राजकीय शिशु सदन एवं आश्रम पद्धति स्कूल रामपुर में फल एवं मिष्ठान का वितरण किया जाएगा। विद्यालयों में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, पौधरोपण, विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास की जानकारी एवं तिरंगे झंडे के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। दोपहर 12 बजे राजकीय रजा इंटर काॅलेज में निबंध प्रतियोगिता समेत अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। नगर क्षेत्र की मलिन बस्तियों में विशेष सफाई कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन तीन बजे किया जाएगा। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने बताया कि इसको लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। दूसरी ओर आजादी के जश्न की पूर्व संध्या पर गांधी समाधि, नगर पालिका भवन, विकास भवन,जिलाधिकारी आवास समेत अन्य सरकारी दफ्तरों को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया। इसके साथ ही मकानों व दुकानों पर तिरंगे लगाए हैं।


पुलिस प्रशासन सतर्क, चलाया सघन चेकिंग अभियान
आजादी की सालगिरह की पूर्व संध्या के मौके पर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस प्रशासन ने बुधवार को जिले भर में चेकिंग अभियान चलाया। एसपी विद्या सागर मिश्र व एएसपी अतुल श्रीवास्तव की मौजूदगी में शहर से लेकर गांव तक अभियान चलाया गया। पुलिस ने इस दौरान रोडवेज, रेलवे स्टेशन से लेकर चौराहों पर चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने देर शाम होटलों को भी खंगाला। शाम को एसपी ने पुलिस फोर्स के साथ गश्त की।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें