ट्रैक के क्लिप खुलने से खड़ी उपासना एक्सप्रेस ट्रेन और यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
हावड़ा से देहरादून जा रही उपासना एक्सप्रेस टूटी हुई लाइन से गुजर गई। ट्रेन की बोगियों के हिचकोले खाने के बाद यात्रियों के होश उड़ गए। आनन-फानन में ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर किसी तरह ट्रेन रोक ली। उपासना एक्सप्रेस धमोरा में ट्रेन दो घंटे तक खड़ी रही। ट्रैक की मरम्मत के बाद ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। हादसे की वजह पैंड्रोल क्लिप का खुलना बताया गया है।
हावड़ा से देहरादून जा रही उपासना एक्सप्रेस शनिवार को दोपहर करीब 2.45 बजे धमोरा स्टेशन से पहले शिवा पेपर मिल के पास से गुजर रही थी। ट्रेन की सात बोगियां गुजर जाने के बाद अचानक बोगियां हिचकोले खाने लगीं। ड्राइवर ने सूझबूझ का परिचय दिया और आनन-फानन में इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक लिया। ट्रेन के झटके के साथ रुकते ही यात्रियों में खलबली मच गई। आनन-फानन में यात्री ट्रेन से उतर गए।
इस बीच घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना के बाद इंजीनियरों की टीम भी मौके पर पहुंच गई। बताया जाता है कि अप लाइन के ट्रैक में लगे पैंड्रोल क्लिप खुले हुए थे। साथ ही अप लाइन का कुछ हिस्सा फैला हुआ था। इंजीनियरों की टीम ने मजदूरों के साथ मिलकर ट्रैक की मरम्मत करने का काम शुरू किया।
करीब दो घंटे बाद ट्रैक को दुरुस्त कर दिया गया, जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। मामले की जानकारी पाकर रेलवे सुरक्षा बल के जवान भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी मौका मुआयना किया। स्थानीय स्तर पर कोई भी अधिकारी कुछ भी बोलने से इंकार कर रहा है।