जिले में शुक्रवार रात से आए घने कोहरे ने रेल यातायात को बुरी तरह से प्रभावित किया। घने कोहरे के कारण छह से अधिक ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं। लखनऊ-सहारनपुर पैसेंजर को रद करना पड़ा। देर से पहुंचने वाली ट्रेनों में पंजाब मेल करीब 11 घंटे के विलंब से पहुंची। ट्रेनों के देरी से आने के कारण यात्रियों को सर्दी में घंटों इंतजार करना पड़ा।
मौसम का बदला मिजाज ट्रेनों के संचालन पर भी भारी पड़ा रहा है। सर्दी की शुरुआत से ही रेल यातायात गड़बड़ाने लगता है। कोहरे की आमद से तो रेल संचालन पूरी तरह पटरी से उतर जाता है। शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक घना कोहरा रहा। इसके कारण लंबी दूरी की अधिकतर ट्रेनें देरी से पहुंचीं।
खराब मौसम के कारण प्रभावित हुए रेल यातायात के चलते लखनऊ-सहारनपुर पैसेंजर को रद करना पड़ा। इसके साथ ही पंजाब मेल (अमृतसर मेल) 11 घंटे, हावड़ा-काठगोदाम (बाघ एक्सप्रेस) 8:45 घंटे, फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस करीब सवा घंटे, काशी विश्वनाथ करीब 40 मिनट, नौचंदी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, जनसेवा एक्सप्रेस करीब 45 मिनट और अवध-आसाम एक्सप्रेस करीब तीन घंटे विलंब से पहुंची।
आने वाले दिनों में घना कोहरा छाने के कारण ट्रेनों के विलंब से पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ेगी।