रामपुर। शहर के पुराने इलाकों में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक को वन वे किया जा सकता है। पुलिस कुछ दिनों के लिए इस प्रयोग को आजमाएगी। इसको लेकर अगर किसी को कोई परेशानी नहीं आती है तो इस व्यवस्था को स्थायी किया जा सकता है। इस बात की जानकारी आईजी और जिले के नोडल पुलिस अधिकारी रमित शर्मा ने दी।
नोडल अधिकारी के रूप में वह दो दिवसीय दौरे पर रामपुर आए हुए थे। आईजी ने बुधवार को पुलिस लाइंस में शहर के गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात की। ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार को लेकर उन्होंने सुझाव भी आमंत्रित किए। रमित शर्मा ने बताया कि मंगलवार को उन्होंने राजद्वारा, मिस्टनगंज और सर्राफा बाजार सहित अन्य व्यापारिक इलाकों का दौरा किया है, जहां अक्सर जाम की समस्या सामने आती है। इन इलाकों के दुकानदारों का सुझाव है कि ट्रैफिक व्यवस्था को वन वे कर दिया जाए। उन्होंने बताया कि इस सुझाव के आधार पर कुछ दिनों के लिए प्रयोग के तौर पर ट्रैफिक को वन वे किया जाएगा, अगर कोई परेशानी सामने नहीं आती है तो इसे स्थायी किया जा सकता है। उन्होंने कम्युनिटी पुलिसिंग के लिए भी लोगों से सुझाव लिए। कहा कि जो बुजुर्ग अकेले रहते हैं उनको भी सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना पर जल्द ही अमल शुरू किया जाएगा। नोडल अधिकारी ने कहा कि शासन की कोशिश है कि आमलोगों में पुलिस को लेकर जो छवि है उसे दूर किया जाएगा। पुलिस आमलोगों के साथ मिलकर अपराध को नियंत्रित करे। पुलिस आमलोगों के साथ मित्रवत व्यवहार करे।