सिविल लाइंस थाना क्षेत्र से व्यापारी नेता और ठेेकेदार के भाई लापता हो गए। अपहरण की आशंका जताते हुए शहर के तमाम व्यापारी और रामलीला कमेटी के पदाधिकारी सिविल लाइन थाने पहुंच गए और रिपोर्ट लिखाने को हंगामा किया। व्यापारियों के घेराव और हंगामा करने पर पुलिस ने सिर्फ गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के राहे रजा निवासी ठेकेदार प्रवेश कुमार अग्रवाल का कहना है कि उनके बड़े भाई हरीश चंद्र अग्रवाल व्यापारी नेता हैं। रविवार सुबह को वह अचानक घर से चले गए थे। कुछ समय के बाद उनके दोनों मोबाइल बंद हो गए थे। परिवार के लोग घबरा गए। उनको हर जगह तलाशा, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
बाद में आसपास के व्यापारी नेता घर पहुंच गए। जहां उनके अपहरण होने का शक जाहिर करते हुए सिविल लाइंस थाने पहुंच गए। लेकिन पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी। उसके बाद गुस्साए व्यापारियों के साथ ही रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने थाने का घेराव करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। बाद में पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आश्वासन दिया है, इस रिपोर्ट को अपहरण में तरमीम कर लिया जाएगा।
इस मौके पर रामलीला कमेटी के पदाधिकारी शिव हरि गर्ग, प्रवेश अग्रवाल, भारत भूषण गुप्ता, सुभाष ठेकेदार, वीरेंद्र गर्ग, अभय गुप्ता, राजीव मांगलिक, देवेश गुप्ता, तरुण अग्रवाल, कपिल आर्य, राकेश कुमार सरन, वेद प्रकाश वर्मा मौजूद रहे। वहीं सिविल लाइंस प्रभारी गणेश दत्त जोशी ने बताया कि वृद्ध घर से कहीं चले गए हैं। गुमुशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की जाएगी।