कहा- मेडिकल कॉलेज नहीं होने से हर साल हो रही लगभग 25 हजार लोगों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने जनपद में मेडिकल कॉलेज की शीघ्र स्थापना की मांग की है। तिलक नगर कॉलोनी स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में संगठन ने कहा कि कॉलेज न होने से हर साल लगभग 20 हजार लोगों की मौत हो रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने बताया कि व्यापार मंडल के अनुरोध पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने 28 मार्च 2026 को डीएम को भूमि अधिग्रहण के लिए पत्र लिखा था। जनपद में 600 बेड का मेडिकल कॉलेज पीपीपी मोड पर शुरू होना आवश्यक है। जिला चिकित्सालय में हृदय, मस्तिष्क, लिवर, किडनी और जनरल फिजिशियन जैसे विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी है। इससे हजारों मरीज रेफर होने के बाद बाहर दम तोड़ देते हैं।
अलीगंज बेनजीर में उद्यान विभाग की जमीन मेडिकल कॉलेज के लिए चिह्नित की गई है। इस भूमि के स्थानांतरण के लिए 22 दिसंबर 2021 को निदेशक उद्यान को पत्र लिखा गया था। हालांकि, उद्यान विभाग की ओर से आज तक कोई जवाब नहीं मिला है।
व्यापारियों ने जल्द मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग की। बैठक में जिला अध्यक्ष राजीव शर्मा, बिलासपुर तहसील अध्यक्ष मोहम्मद यासीन ,संगठन मंत्री अमीर अहमद, ब्लाॅक अध्यक्ष करण मसीह, विजय सिंह सागर, जसवंत सिंह राजू, विक्रम सिंह, राजकुमार आदि व्यापारी मौजूद रहे।