वन विभाग की कार्रवाई, लकड़ी कारोबारी ट्रैक्टर छोड़कर फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वार। उत्तराखंड से चोरी कर लाई जा रही प्रतिबंधित सागौन, आम और जामुन की लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया। वन विभाग की टीम को देखकर लकड़ी कारोबारी मौके से ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गए।
बुधवार रात वन क्षेत्राधिकारी सुरेश चंद्र जोशी और दरोगा कुलबीर सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित सागौन, आम और जामुन की लकड़ी चोरी कर उत्तराखंड से लाकर क्षेत्र में खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना पर टीम ने किलाखेड़ा बॉर्डर और भगवंत नगर में घेराबंदी कर दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोका। जांच में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में भारी मात्रा में सागौन, आम और जामुन की लकड़ी लदी मिली।
दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में आम की लकड़ी भरी थी। टीम को देखकर ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक फरार हो गया, जबकि आम से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने संबंधित कागजात दिखा दिए।
इसके बाद वन विभाग ने प्रतिबंधित लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर सलारपुर परिसर में खड़ा करा दिया। मामले में अज्ञात लकड़ी कारोबारियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। रेंजर सुरेश चंद्र जोशी ने बताया कि अवैध लकड़ी तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।