रामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में चुनाव प्रचार का सिलसिला मंगलवार शाम को छह बजे से थम जाएगा। गांवों में चुनाव प्रचार के वाहन घूमना बंद हो जाएंगे। कोई भी प्रत्याशी अपना प्रचार नहीं कर सकेगा। अफसरों की मानें तो निर्धारित समय के बाद कोई चुनाव प्रचार करते हुए मिला तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रामपुर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पहले चरण में होना है। इसके लिए 15 अप्रैल को मतदान होगा। लिहाजा, प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में पूरा जोर लगा दिया है। जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी हर रोज दर्जनों गांवों का भ्रमण करते हैं और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते हैं, तो ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी गांव में भ्रमण कर अपने पक्ष में माहौल बनाने का कार्य करते हैं। इसके लिए लाउडस्पीकर तक का सहारा लिया जा रहा है। मंगलवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। मंगलवार को शाम छह बजे के बाद कोई भी प्रत्याशी चुनाव प्रचार नहीं कर सकेगा। ऐसे में सभी प्रत्याशी मंगलवार को अंतिम दिन चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकने के लिए तैयार हैं। अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदम्बा प्रसाद गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को शाम छह बजे के बाद चुनाव प्रचार पूरी तरह से बंद हो जाएगा। ऐसे में यदि कोई प्रचार करते हुए मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।