शुक्रवार की सुबह बारिश के दौरान नगरपालिका कर्मचारी के दो मंजिला मकान पर बिजली गिर गई। छत का लिंटर फाड़ते हुए बिजली धरती में समा गई। गनीमत थी कि उस समय कमरे में परिवार का कोई भी सदस्य नहीं था। इस हादसे के बाद कर्मचारी का पूरा परिवार दहशत में है।
कोतवाली थाना क्षेत्र में हमाम वाली गली निवासी नगर पालिका कर्मचारी सईद खां के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे से तेज वर्षा के दौरान बिजली की तेज गड़गहाड़ट हुई। ऐसा लगा मानों आसमान फटने वाला हो। पूरा परिवार बिजली की कड़क से डर गया। इसी बीच उन्होंने घर के आंगन में निकलकर देेखा तो बिजली गिरने से जमीन पर बिछी टाइल्स में छेद हो गया था।
वह हैरत और दहशत में आ गए। ऊपर छत पर जाकर देखा तो दूसरी मंजिल की छत के लिंटर में बड़ा छेदा था। पूरा परिवार दहशत में आया गया। उधर नगर पालिका कर्मी के घर पर बिजली गिरने की खबर से मुहल्ले के लोग कौतूहलवश जुट गए। सभी इस बात के लिए ईश्वर का शुक्रिया अदा कर रहे थे कि बिजली घर पर गिरने के बावजूद परिवार सुरक्षित रहा।