रामपुर। जिले के परिषदीय स्कूलों में रविवार को नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत साक्षरता परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में जिलेभर से 3100 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से करीब तीन हजार ने उपस्थित होकर परीक्षा दी। सभी परिषदीय विद्यालयों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू हुई, जिसमें पढ़ने-लिखने और संख्यात्मक क्षमता से जुड़े प्रश्न पूछे गए। इसका उद्देश्य प्रतिभागियों की बुनियादी साक्षरता और गणनात्मक दक्षता का आकलन करना था। जिले के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जहां निर्धारित समय पर परीक्षार्थी पहुंचकर परीक्षा में शामिल हुए।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत वयस्कों और अन्य प्रतिभागियों को साक्षर बनाने के लिए यह परीक्षा कराई जा रही है। इसके माध्यम से यह आकलन भी किया जा रहा है कि प्रतिभागियों ने पढ़ने, लिखने और गणना से संबंधित कितनी जानकारी हासिल की है।
-
लालपुर कला में शांतिपूर्ण हुई परीक्षा
प्राथमिक विद्यालय लालपुर की प्रधानाध्यापिका शबनम आरा ने बताया कि केंद्र पर सात परीक्षार्थी पंजीकृत थे और सभी ने परीक्षा दी। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सक्सेना ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए संकुल शिक्षकों को केंद्र प्रभारी बनाया गया था। परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की गई। सफल अभ्यर्थियों को बाद में एनआईओएस के माध्यम से प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान रीना, निदा खान, बुशरा फिरदौस और आराधना सक्सेना आदि मौजूद रहे।
-
वर्जन:
परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और अधिकांश केंद्रों पर परीक्षार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही। परिणाम के आधार पर आगे की शैक्षिक गतिविधियों की योजना तैयार की जाएगी। -कल्पना देवी, बीएसए