रामपुर। जिले की पुलिस बृहस्पतिवार को चेकिंग अभियान चलाते नजर आई। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान किए गए। वाहन की प्लेट पर जाति लिखने पर तीन वाहन मालिकों के चालान भी काटे गए।
एसपी विद्यासागर मिश्र ने स्पष्ट किया है कि वाहनों की प्लेट पर कोई भी जाति लिखना गैरकानूनी है। साथ ही, प्राइवेट वाहनों पर उत्तर प्रदेश सरकार या किसी विभाग का नाम लिखना भी प्रतिबंधित है। यातायात पुलिस ने चेकिंग के दाैरान बिना लाइसेंस, काली फिल्म लगे वाहनों के भी चालान काटे गए। एक नाबालिग को बाइक चलाते पकड़े जाने पर उसके पिता का चालान काटा गया।
बृहस्पतिवार को यातायात प्रभारी नवनीत सिंघवाल ने बरेली रोड पर जातिसूचक शब्द लिखने पर तीन वाहनों का चालान किया। इन वाहनों पर जुर्माना भी लगाया गया है। यातायात प्रभारी ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत गाड़ी पर जाति, धर्म या भारत सरकार जैसे शब्द लिखने पर चालान किया जाएगा।
वाहन मालिकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी गाड़ियों से ऐसे सभी शब्द तुरंत हटा लें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियम का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।यातायात प्रभारी ने बताया कि एक नवंबर से छह नवंबर तक 650 लोगों के चालान किए गए हैं।
बिना हेलमेट के 630, मदिरा पीकर गाड़ी चलाने पर तीन, सीट बेल्ट पर 80, मोबाइल में बात करने पर 12, विपरीत दिशा में गाड़ी चलाने पर 12, स्टंट पर एक, बाइक में तीन सवारी पर 42, बीमा पर 32, प्रदूषण 15, बिना लाइसेंस के 50 लोगों के चालान किए गए।
स्वार में मसवासी चौकी क्षेत्र में पुलिस ने यातायात माह के अंतर्गत बिना हेलमेट बाइक दौड़ाने एवं बिना नंबर प्लेट लगी 14 बाइकों के चालान काटे गए।