रामपुर। यूपी-उत्तराखंड की सीमा पर शिकारपुर में निर्माणाधीन होटल की तीसरी मंजिल की पाड़ अचानक टूट गई। इससे काम कर रहे तीन मजदूर जमीन पर आ गिरे। दो मजदूरों की मौके पर और एक मजदूर की काशीपुर के निजी अस्पताल में मौत हो गई। इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
स्वार कोतवाली क्षेत्र में यूपी-उत्तराखंड सीमा पर स्थित शिकारपुर में विकास भारती स्कूल के संचालक संसार सिंह के तीन मंजिला होटल का निर्माण चल रहा है। होटल का निर्माण ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा हे। बुधवार दोपहर लगभग ढाई बजे होटल के तीसरी मंजिल पर पाड़ पर खड़े होकर कार्य कर रहे तीन मजदूर अकबर अली (45) निवासी पीपला थाना औरंगाबाद जिला बुलंदशहर, मोहसिन व आसिफ काम कर रहे थे।
अचानक पाड़ टूटने से तीनों मजदूर नीचे आ गिरे। जिसके चलते घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। मौके पर ही अकबर अली और मोहसिन की मौत हो गई। हालांकि, ठेकेदार तीनों को उत्तराखंड के काशीपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने अकबर अली और मोहसिन को देखते ही मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान शाम को आसिफ ने भी दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी पर सीओ संगम कुमार, कोतवाली प्रभारी संदीप त्यागी व नायब तहसीलदार मानवेंद्र सिंह घटना स्थल पर पहुंच गए और आसपास के लोगों से घटना संबंधित जानकारी ली।
-
निर्माणधीन होटल की पाड़-बल्ली टूटने से तीन मजदूरों की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - संगम कुमार सीओ स्वार