रामपुर। मुरादाबाद से जोड़ने वाली लालपुर-दलपतपुर सड़क होसपुर नंगली के पास तीन किमी. तब बेहद जर्जर हालत में है। मुरादाबाद और रामपुर की सीमा के विवाद के चलते सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क से गुजरना मुश्किल हो रहा है।लोगों का कहना है कि इसकी शिकायत इलाके के जनप्रतिनिधियों से लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कई बार कर चुके हैं, लेकिन अभी तक इस पर सुनवाई नहीं हुई। यह सड़क रामपुर के गांव से दलपतपुर होते हुए मुरादाबाद को जाती है। ऐसे में सैदनगर के आसपास के इलाके के अधिकतर लोग मुरादाबाद जिलों में जाने के लिए इसी रोड से आते-जाते हैं।
मुरादाबाद जाने वाले माल वाहन भी इसी सड़क से होकर जाते हैं। इस रोड पर कई निजी स्कूल होने से काफी संख्या में बच्चे बाइक और साइकिल से गड्ढे में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। लोगों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग इसे सीमा के विवाद के चलते नहीं बना पा रहा है। अभी ये तय नहीं हो पाया कि सड़क रामपुर में है या मुरादाबाद की सीमा में।
-
खस्ताहाल सड़क से अस्पताल तक मरीजों का पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। बारिश के दिनों में तो इस सड़क पर 2-2 फीट तक पानी भर जाता हैं - डॉ. ताज, स्थानीय निवासी
लालपुर-दलपतपुर की सड़क टूटी होने से मरीज को मुरादाबाद जाने के लिए परेशान होना पड़ता है। इस सड़क का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाना चाहिए। - अकरम अली
-
स्कूल जाते समय काफी बार बच्चों के गड्ढों में गिरकर चोटें आई हैं। फिर भी रोड सही नहीं कराई जा रही है। कई बार शिकायत की जा चुकी है। - हरपाल, सैदनगर
-
भारी वाहन की वजह से टूटी रोड पर निकलना अपनी जान को जोखिम में डालने के बराबर है। सड़क के निर्माण न होने से हादसे बढ़ रहे हैं। - संदेश कुमार
-
यह सड़क मुरादाबाद लोक निर्माण विभाग की सीमा में आती है। रामपुर लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क को जिले में शामिल करने की मांग की है। जिससे इस सड़क का निर्माण कराया जा सके। इस सड़क को लेकर अधिकारियों से बातचीत चल रही है। - केवी सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, रामपुर।